0 दिल्ली से 3 अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग, 03 जुलाई (आरएनएस)। रेंज साइबर थाना दुर्ग पुलिस ने बीमा पॉलिसी की राशि रिफंड कराने का झांसा देकर लगभग 1 करोड़ 60 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के तीन आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने खुद को बीमा लोकपाल का अधिकारी बताकर पीडि़त से विभिन्न बैंक खातों में ऑनलाइन रकम ट्रांसफर कराई थी।
पुलिस के अनुसार, रेंज साइबर थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 03/2026 के तहत विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों, बैंक खातों के विश्लेषण और वित्तीय लेनदेन की जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद विशेष टीम दिल्ली भेजी गई, जहां से मनमीत सिंह (42), ईशांत माहे उर्फ ईशु (37) और अमनदीप सिंह (33) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दिल्ली के तीस हजारी न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर आरोपियों को दुर्ग लाया।
पूछताछ में आरोपियों ने पैसों के लालच में अपने बैंक खाते खुलवाकर उन्हें साइबर ठगी में उपयोग के लिए उपलब्ध कराना स्वीकार किया। जांच में यह भी सामने आया कि इन बैंक खातों का इस्तेमाल एक विदेशी (नाइजीरियन) साइबर ठगी नेटवर्क द्वारा किया जा रहा था। आरोपियों के बैंक खातों में करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेनदेन मिले हैं तथा विभिन्न राज्यों में इनके खिलाफ साइबर ठगी से संबंधित शिकायतें भी दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 मोबाइल फोन, 6 बैंक पासबुक, 4 चेकबुक और विभिन्न सिम कार्ड बरामद किए हैं, जिनका उपयोग साइबर अपराध में किया जा रहा था। मामले में पहले एक बैंक खाताधारक की गिरफ्तारी हो चुकी है और अब नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक डॉ. चित्रा वर्मा, निरीक्षक पुष्पेन्द्र भट्ट, सहायक उप निरीक्षक यशवंत श्रीवास्तव तथा साइबर थाना की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि बीमा पॉलिसी रिफंड, केवाईसी अपडेट, निवेश या किसी भी ऑनलाइन भुगतान से जुड़े कॉल या संदेश पर बिना सत्यापन किसी भी बैंक खाते में राशि हस्तांतरित न करें। साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन या 222.ष्4ड्ढद्गह्म्ष्ह्म्द्बद्वद्ग.द्दश1.द्बठ्ठ पर शिकायत दर्ज कर निकटतम साइबर थाने से संपर्क करें।
0

