0 पीएमओ, सीबीआई-ईडी समेत 10 एजेंसियों से जांच की मांग
कोरबा, 03 जुलाई (आरएनएस)। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) की गेवरा परियोजना में कथित तौर पर करीब 5,000 करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं का मामला सामने आया है। आरटीआई कार्यकर्ता ने सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर इस मामले की शिकायत देश की कई प्रमुख संवैधानिक और जांच एजेंसियों से की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, एसईसीएल मुख्यालय बिलासपुर और गेवरा क्षेत्र से सूचना के अधिकार के तहत प्राप्त आधिकारिक एवं विधिक दस्तावेजों में गंभीर वित्तीय अनियमितताओं और नियमों के कथित उल्लंघन के साक्ष्य सामने आए हैं। उनका दावा है कि इन दस्तावेजों से एक संगठित भ्रष्टाचार तंत्र की ओर संकेत मिलता है, जिससे सरकारी राजस्व को भारी नुकसान हुआ।
इस संबंध में माननीय सर्वोच्च न्यायालय, छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ), प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) सहित देश की 10 प्रमुख विधिक और जांच एजेंसियों को विस्तृत शिकायत भेजी गई है। शिकायत के साथ आरटीआई के माध्यम से प्राप्त दस्तावेज भी संलग्न किए गए हैं।
शिकायतकर्ता ने संबंधित एजेंसियों से मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों और जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
हालांकि, इस मामले में एसईसीएल प्रबंधन या संबंधित अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। साथ ही, शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि या किसी जांच एजेंसी द्वारा आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं की गई है। मामले की सत्यता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

