० कटेकल्याण ब्लॉक के तेलम में आयोजित हुआ शाला प्रवेशोत्सव मेधावी बच्चों का हुआ सम्मान
दंतेवाड़ा, 03 जुलाईं (आरएनएस)। कटे कल्याण ब्लॉक के दूरस्थ अंचल तेलम में शुक्रवार को ब्लॉक स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन हुआ। नव प्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। साथ ही बच्चों के लिए न्यौता भेज आयोजित कर व्यंजन परोसे गए। मुख्य अतिथि व जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी ने इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा की रौशनी से ही क्षेत्र व समाज को नई रौशनी मिल सकती है। बच्चे पढ़ लिखकर अपना व क्षेत्र का मान बढ़ा सकते हैं। सरकार बच्चों का भविष्य गढऩे के लिए प्रतिबद्ध है। शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढऩे के लिए अवसरों की कोई कमी नहीं है। परिजनों को अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजकर शिक्षकों का सहयोग करना चाहिए। कटेकल्याण जनपद अध्यक्ष हिरमा कवासी, उपाध्यक्ष भीमसेन मंडावी ने भी बच्चों को प्रेरित करते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने को कहा। इसके पूर्व स्वागत उद्बोधन में बीईओ गोपाल पांडेय ने कहा कि नए शिक्षण सत्र में बच्चों के लिए इस बार भी पूरी व्यवस्था की गई है। कोई भी बच्चा स्कूल जाने से वंचित न हो, इसके लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इस कार्य में पालक पूरा सहयोग दें। बेहतर शिक्षा उपलब्ध करवाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। कार्यक्रम में एबीईओ राममिलन रावटे, बीआरसी हीरालाल ओयामी, ग्राम पंचायत तेलम, टेटम, बड़े गुडरा, छोटे गुडरा, परचेली समेत विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, पंच, जनपद सदस्य उपस्थित थे।
मेधावी छात्रों का हुआ सम्मान
इस अवसर पर 5 वीं, 8 वीं, 10 वीं, 12 वीं बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र – छात्राओं को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिह्न से सम्मानित किया गया। राज्य स्तरीय व राष्ट्रीय स्तर पर खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों का भी सम्मान किया गया।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

