कोरबा 4 जुलाई (आरएनएस) जन्मदिन की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं। मामूली विवाद ने एक युवक की जान ले ली, जबकि आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गया।
थाना दीपका क्षेत्र के 10 से 12 युवक 3 जुलाई 2026 की रात करीब 11 बजे अपने साथी विकास हुड्डा का जन्मदिन मनाने के लिए थाना उरगा क्षेत्र स्थित मीरा रिजॉर्ट पहुंचे थे। पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर तुषार ढांडा और उज्ज्वल दीवान के बीच कहासुनी हो गई। उस समय साथियों ने मामला शांत करा दिया।
रिजॉर्ट से चेक-आउट करने के बाद सभी युवक बाहर सड़क पर पहुंचे, जहां दोनों के बीच फिर से विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान तुषार ढांडा अपनी बोलेरो कैंपर में बैठा और कथित तौर पर वाहन सीधे उज्ज्वल दीवान पर चढ़ा दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना के तुरंत बाद साथियों ने गंभीर रूप से घायल उज्ज्वल दीवान को जिला चिकित्सालय, कोरबा पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी। मामले में थाना उरगा में हत्या की धारा के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश के साथ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब: शुरुआती जानकारी के अनुसार, घटना की वजह दोनों युवकों के बीच हुआ आपसी विवाद बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।

