बलौदाबाजार, 04 जुलाईं (आरएनएस)। बलौदाबाजार जिले के सिमगा थाना क्षेत्र में चार दिन से लापता एक ग्रामीण का क्षत-विक्षत शव खेत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में आकाशीय बिजली गिरने से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस के अनुसार, शनिवार 4 जुलाई को तिल्दा रोड-सिमगा के खार क्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव खेत में बबूल के पेड़ के नीचे पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही सिमगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव काफी हद तक सड़-गल चुका था, जिससे शुरुआत में उसकी पहचान नहीं हो सकी। जांच के दौरान शव की पहचान थाना सिमगा में दर्ज गुमशुदगी के मामले के लापता व्यक्ति अवध राम डहरे के रूप में हुई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने भी शव की पहचान अवध राम डहरे के रूप में की। परिजनों ने बताया कि अवध राम 30 जून को अपने गाय-बैलों की तलाश में खार की ओर गए थे, जिसके बाद से वह लापता थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि शव जिस बबूल के पेड़ के नीचे मिला, उस पेड़ पर आकाशीय बिजली गिरने के स्पष्ट निशान और क्षति दिखाई दे रही है। ऐसे में आशंका है कि तेज बारिश के दौरान अवध राम पेड़ के नीचे रुके थे और उसी दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। मामले की जांच जारी है।
बंछोर
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

