रायपुर, 04 जुलाई (आरएनएस)। राजधानी रायपुर की डी.डी. नगर थाना पुलिस और एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने झपटमारी की वारदात का महज 34 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवर, मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, कबीरधाम निवासी चंद्रिका देवांगन अपनी पुत्री के घर कृष्णा पैराडाइज, सरोना में नाती के जन्मदिन समारोह में शामिल होने रायपुर आई थीं। 2 जुलाई की सुबह वह अपने पति के साथ कवर्धा लौटने के लिए पैदल सरोना चौक जा रही थीं। सुबह करीब छह बजे राधाकृष्ण मंदिर, सरोना के पास एक स्कूटी सवार बदमाश ने उनके कंधे पर टंगा पर्स झपट लिया और केपीएस स्कूल की ओर फरार हो गया। पर्स में सोने के आभूषण और मोबाइल फोन रखा हुआ था।
प्रार्थिया की शिकायत पर डी.डी. नगर थाना में बीएनएस की धारा 304(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल के निर्देश पर एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा डी.डी. नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और आरोपी के भागने के संभावित मार्गों का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच के आधार पर आरोपी की पहचान टिकरापारा निवासी शेख अख्तर उर्फ कल्लू (31 वर्ष) के रूप में हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसमें उसने झपटमारी की वारदात स्वीकार कर ली।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया सोने का रानी हार, सोने की चेन, झुमका, ईयरिंग, एक मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी बरामद कर ली। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, शेख अख्तर उर्फ कल्लू आदतन अपराधी है। उसके विरुद्ध रायपुर के टिकरापारा, पुरानी बस्ती, डी.डी. नगर, सरस्वती नगर और कोतवाली थानों में लूट, चोरी, झपटमारी, मारपीट और आम्र्स एक्ट समेत लगभग एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह पहले भी कई मामलों में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध डी.डी. नगर थाना में दर्ज प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

