धमतरी, 04 जुलाई (आरएनएस)। धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। घर के बाहर खेल रही बच्ची ट्रैक्टर की चपेट में आ गई, जिससे गंभीर रूप से घायल होने के बाद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, घटना चारभाटा गांव की है। मृतक बच्ची की पहचान दीक्षा साहू (5 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दीक्षा अपने घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक ट्रैक्टर के केजव्हील (लोहे के पहिए) की चपेट में आ गई।
हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन तत्काल उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर कुरूद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।
इस हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। मासूम की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

