रायपुर, 05 जुलाईं (आरएनएस)। प्रदेश भाजपा मीडिया विभाग की बैठक रविवार को भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित हुई। बैठक में पार्टी की मीडिया गतिविधियों की समीक्षा करते हुए प्रवक्ताओं और पैनलिस्टों से कांग्रेस के कथित झूठे नैरेटिव का तथ्यों के साथ लगातार पर्दाफाश करने और केंद्र व राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। बैठक के अंत में पद्म विभूषण तीजन बाई और वरिष्ठ पत्रकार सुखनंदन बंजारे के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के मुख्य प्रवक्ता संतोष पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार लगातार जनहित के कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रवक्ता और पैनलिस्ट सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को मीडिया के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। साथ ही उन्होंने विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे कथित भ्रामक प्रचार का तथ्यों के आधार पर जवाब देने की आवश्यकता पर जोर दिया।
प्रदेश भाजपा के महामंत्री अखिलेश सोनी ने कहा कि हालिया घटनाक्रमों में कांग्रेस के आरोप बेनकाब हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का विरोध करते-करते कांग्रेस कई बार देश और सनातन विरोधी रुख अपनाती है, जिसकी निंदा की जानी चाहिए।
प्रदेश महामंत्री नवीन मार्कण्डेय ने भी हाल की विभिन्न घटनाओं का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर षड्यंत्र और भ्रामक प्रचार फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रवक्ताओं को इन मुद्दों पर लगातार सक्रिय रहकर तथ्य सामने रखने चाहिए।
बैठक में मीडिया सलाहकार पंकज झा और आर. कृष्णा दास ने सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी। वहीं प्रदेश मीडिया विभाग के संयोजक हेमंत पाणिग्रही ने विभाग की गतिविधियों और आगामी कार्ययोजना से अवगत कराया। बैठक में प्रदेश भाजपा के सभी प्रमुख प्रवक्ता और मीडिया विभाग के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के समापन पर पद्म विभूषण तीजन बाई तथा दिवंगत वरिष्ठ पत्रकार सुखनंदन बंजारे के सम्मान में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मुख्य प्रवक्ता संतोष पाण्डेय ने दोनों दिवंगत हस्तियों के योगदान को स्मरण करते हुए गहरा शोक व्यक्त किया।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

