रायपुर, 4 जुलाई (आरएनएस)। रायपुर पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और पंडरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 4.180 किलोग्राम गांजा के साथ ओडिशा के एक अंतर्राज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 2.09 लाख रुपये मूल्य का गांजा और नकदी जब्त की गई है। पुलिस अब फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई 2026 को सूचना मिली थी कि पंडरी थाना क्षेत्र के कापा स्थित माल धक्का रोड के पास एक व्यक्ति बैग में गांजा लेकर बिक्री की फिराक में घूम रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देशन में संयुक्त टीम का गठन कर तत्काल कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम ने बताए गए हुलिये के व्यक्ति की घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मानस रंजन नाग (28 वर्ष) निवासी ग्राम सिनापाली, जिला नुआपाड़ा (ओडिशा) तथा वर्तमान पता लोधीपारा, पंडरी, रायपुर बताया।
आरोपी के बैग की तलाशी लेने पर उसमें 4.180 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 2.09 लाख रुपये है, के साथ 500 रुपये नकद भी जब्त किए। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 2.09 लाख रुपये आंकी गई है।
आरोपी के विरुद्ध पंडरी थाना में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से मादक पदार्थ की आपूर्ति श्रृंखला का पता लगाने के लिए फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर विस्तृत पूछताछ की जा रही है, ताकि पूरे तस्करी नेटवर्क के खिलाफ एंड-टू-एंड कार्रवाई की जा सके।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

