रायगढ, 04 जुलाई (आरएनएस)। रायगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पत्नी और ससुर पर जानलेवा हमला कर तीन माह से फरार चल रहे आरोपी को सरगुजा जिले से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त लोहे का सब्बल और धारदार टंगिया भी बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 19 मार्च 2026 को सरगुजा जिले के चैनपुर निवासी जेरोमिना किस्पोट्टा (30) ने थाना कापू में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह अपने पति अमिताप लकड़ा के साथ मायके ग्राम ठाकुरनगर आई हुई थीं। रात के भोजन के दौरान सब्जी को लेकर हुए मामूली विवाद के बाद आरोपी पति ने गाली-गलौज करते हुए लोहे के सब्बल से उन पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए पीडि़ता के पिता रघुराम किस्पोट्टा पर भी आरोपी ने धारदार टंगिया से हमला किया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। चिकित्सकीय परीक्षण में उनकी चोटों को गंभीर (ग्रिवियस) पाया गया।
पीडि़ता की शिकायत पर थाना कापू में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 118(2) और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत फरार आरोपियों की तलाश के दौरान थाना प्रभारी उपनिरीक्षक इगेश्वर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार आरोपी की तलाश की। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने सरगुजा जिले के थाना सीतापुर अंतर्गत ग्राम चैनपुर में घेराबंदी कर आरोपी अमिताप लकड़ा (35 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का सब्बल और धारदार टंगिया बरामद किए गए। वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक इगेश्वर यादव एवं थाना कापू के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि घरेलू विवाद या किसी भी अन्य कारण से की गई हिंसा किसी समस्या का समाधान नहीं है। ऐसे गंभीर मामलों में फरार आरोपियों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस लगातार कार्रवाई करती रहेगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

