नईदिल्ली,04 जुलाई(आरएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऑस्ट्रेलिया यात्रा से पहले उन्हें कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों ने इसकी जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, 9 जुलाई को मेलबर्न में आयोजित होने वाले प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम से जुड़े एक सोशल मीडिया पोस्ट की कमेंट में ये धमकी आई है। ऑस्ट्रेलियाई पुलिस सोशल मीडिया अकाउंट की जांच में जुटी है।
रिपोर्ट के अनुसार , यह धमकी मेलबर्न मीट्स मोदी नामक एक कार्यक्रम से जुड़े फेसबुक पोस्ट के कमेंट सेक्शन में दिखाई दी है। ये कार्यक्रम 9 जुलाई को मेलबर्न के मार्वल स्टेडियम में आयोजित होने वाला है। अबू मुस्तफा नामक एक यूजर ने अकाउंट से पोस्ट की गई टिप्पणी में लिखा था, कार्यक्रम के दौरान स्टेडियम की छतें बंद कर देनी चाहिए, वरना वह अपनी मौत के लिए ऑस्ट्रेलिया आएगा।
जांचकर्ताओं ने धमकी देने वाले सोशल मीडिया अकाउंट से जुड़े आईपी एड्रेस की पहचान कर ली है। ऑस्ट्रेलियाई संघीय पुलिस ने अभी तक किसी गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है और टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है। बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी 8 से 10 जुलाई तक ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर रहेंगे। वे मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया-भारत वार्षिक नेताओं के शिखर सम्मेलन के दौरान ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ बैठक करेंगे।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

