चंडीगढ़ ,04 जुलाई(आरएनएस)। शहर के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में शनिवार शाम एक बिल्डिंग गिर गई. होटल द फर्न के नजदीक ये बड़ा हादसा हुआ. हादसे के बाद अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है. वहीं पुलिस-प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर मौजूद है और बिल्डिंग के मलबे को हटाने का काम तेजी से जारी है. अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक बिल्डिंग के मलबे में 2 से 3 लोगों के दबे होने की आशंका है. रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है.
चंडीगढ़ में शनिवार शाम को अचानक से दो मंजिला बिल्डिंग गिर गई. जानकारी के मुताबिक अंदर काम कर रहे बिल्डिंग मालिक और मजदूर मलबे में दब गए. हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई. पुलिस की टीमें भी फौरन इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में पहुंची. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बिल्डिंग गिरने पर ऐसा लगा मानो भूकंप आया हो और अचानक से दो मंजिला बिल्डिंग ज़मीदोज़ हो गई जिससे कई लोग बिल्डिंग के अंदर दब गए.
बिल्डिंग गिरते वक्त अंदर कितने लोग थे, अभी तक इसका सही अनुमान नहीं मिल सका है. एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन से पहले लेंटर को हटाया गया. फिर तलाशी अभियान तेज़ किया गया. एसपी के मुताबिक बिल्डिंग काफी पुरानी थी. इंडस्ट्रियल एरिया के प्लॉट नंबर 28/9 में बनी इस बिल्डिंग में स्क्रैप का काम चल रहा था. बिल्डिंग पुरानी होने की वजह से ही उसकी छत गिर गई है. पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

