गौरेला, 05 जुलाई (आरएनएस)। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले में डॉयल-112 टीम की त्वरित कार्रवाई से सर्पदंश की शिकार एक युवती की जान बच गई। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और पीडि़ता को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां समय पर इलाज मिलने से उसकी हालत अब खतरे से बाहर है।
पुलिस के अनुसार, रविवार तड़के करीब 3:45 बजे डॉयल-112 गौरेला फालकन-1 को ग्राम धनौली से सर्पदंश की सूचना मिली। सूचना मिलते ही डॉयल-112 में तैनात आरक्षक वीरेंद्र गर्ग और चालक लुपेंद्र कुमार तत्काल मौके के लिए रवाना हुए।
मौके पर पहुंचने पर पता चला कि अनीता खुसरो (18 वर्ष), निवासी तेंदुआपारा, कोटा (जिला बिलासपुर), अपने रिश्तेदारों के यहां ग्राम धनौली में मेहमान के रूप में आई हुई थीं। रात में जमीन पर सोने के दौरान उन्हें जहरीले सांप ने काट लिया।
डॉयल-112 टीम ने बिना देर किए युवती को परिजनों के साथ आपातकालीन वाहन में जिला अस्पताल गौरेला पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया। समय पर चिकित्सा सुविधा मिलने से युवती की स्थिति अब सामान्य बताई गई है।
जीपीएम पुलिस ने वर्षा ऋतु में सर्पदंश की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि यथासंभव जमीन पर सोने से बचें, चारपाई या बेड का उपयोग करें तथा मच्छरदानी लगाकर सोएं। यदि किसी व्यक्ति को सांप काट ले तो झाड़-फूंक या घरेलू उपचार में समय गंवाने के बजाय तुरंत डॉयल-112 या निकटतम स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें, ताकि समय पर उपचार मिल सके और जान बचाई जा सके।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

