डोंगरगढ़, 05 जुलाई (आरएनएस)। मानसून की पहली तेज बारिश ने ही डोंगरगढ़ नगर पालिका की तैयारियों की पोल खोल दी। शहर के केदारबाड़ी, कालकापारा, टिकरापारा और रेलवे चौक सहित कई इलाकों में भारी जलभराव हो गया, जिससे लोगों को आवागमन और दैनिक कार्यों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सबसे अधिक प्रभावित केदारबाड़ी क्षेत्र रहा, जहां बारिश का पानी कई घरों में घुस गया। जलभराव के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया और घरेलू सामान को भी नुकसान पहुंचने की आशंका बनी रही।
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि यह समस्या हर वर्ष बारिश के मौसम में सामने आती है। इसके बावजूद नगर पालिका और संबंधित अधिकारियों को कई बार लिखित एवं मौखिक शिकायतें देने के बाद भी स्थायी समाधान नहीं किया गया।

रहवासियों के अनुसार, केदारबाड़ी कॉलोनी के निर्माण के समय उचित जल निकासी व्यवस्था विकसित नहीं की गई, जिसके कारण हर बारिश में पूरा इलाका जलमग्न हो जाता है। उनका आरोप है कि नगर पालिका केवल औपचारिक और अस्थायी उपाय करती है, जबकि समस्या की जड़ को दूर करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।
पहली ही तेज बारिश में शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बनने से नगर की ड्रेनेज व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था करने के साथ ही स्थायी ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने की मांग की है, ताकि हर साल होने वाली इस परेशानी से स्थायी राहत मिल सके।
0

