वाशिंगटन,05 जुलाई। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की से फोन पर बात की है। उन्होंने पुतिन के साथ लगभग 90 मिनट की बातचीत में यूक्रेन युद्ध का समाधान खोजने में मदद करने की पेशकश की है। इसी तरह की पेशकश जेलेंस्की को भी की गई है। तुर्की में होने वाले नाटो सम्मेलन से पहले हुई इस चर्चा को अहम माना जा रहा है।
क्रेमलिन के सहयोगी यूरी उशाकोव ने बताया कि ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन के साथ लगभग 90 मिनट चर्चा की।
सूत्रों ने उशाकोव के हवाले से कहा, राष्ट्रपति ट्रंप ने स्वाभाविक रूप से यूक्रेनी समझौते के विषय पर चर्चा की, जिसमें 7-8 जुलाई को तुर्की में नाटो शिखर सम्मेलन में ट्रंप की आगामी भागीदारी को भी ध्यान में रखा गया। वहीं, पुतिन ने अमेरिकी स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ पर ट्रंप को बधाई दी।
जेलेंस्की ने ट्रंप के साथ बातचीत को बहुत अच्छा बताते हुए कहा कि उन्होंने और ट्रंप ने यूक्रेन युद्ध पर चर्चा की। उन्होंने कहा, राष्ट्रपति ट्रंप और मैंने मोर्चे पर मौजूदा स्थिति के साथ-साथ हमारे राजनयिक प्रयासों पर चर्चा की। इस युद्ध को समाप्त करने की पूरी संभावना है और अमेरिका का संकल्प दृढ़ है। हमने अंकारा में नाटो शिखर सम्मेलन के दौरान इन चर्चाओं को जारी रखने पर सहमति जताई है।
बातचीत के दौरान पुतिन ने जोर दिया कि रूस विवाद का राजनीतिक और कूटनीतिक समाधान चाहता है, लेकिन इस शर्त पर कि रूस के सैद्धांतिक रुख का ध्यान रखा जाए। पुतिन ने उम्मीद जताई कि अमेरिका-ईरान के बीच हुए समझौते के आधार पर ऐसा दीर्घकालिक समाधान निकाला जा सकता है, जो दोनों पक्षों को मंजूर हो। वहीं, जेलेंस्की ने बताया कि दोनों नेताओं ने सीमा पर हालात और कूटनीतिक कोशिशों पर विस्तार से बातचीत की।
तुर्की के अंकारा में 7-8 जुलाई को नाटो शिखर सम्मेलन होना है। ट्रंप समेत कम से कम 32 देशों के राष्ट्राध्यक्ष इसमें हिस्सा लेंगे। ईरान के साथ अमेरिका-इजरायल का तनाव, रूस-यूक्रेन युद्ध, लेबनान और गाजा में युद्ध और ईंधन की कीमतों को देखते हुए ये सम्मेलन अहम है। हालांकि, बीते कुछ समय से जिस तरह ट्रंप ने नाटो को निशाने पर लिया है, उसके चलते ज्यादा बड़े फैसले या सम्मेलन के असहज होने की भी संभावना है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

