जांजगीर-चांपा, 05 जुलाईं (आरएनएस)। जिले में सड़क सुरक्षा, गौवंश संरक्षण और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के मार्गदर्शन में शनिवार को जिले के सभी पशु चिकित्सकों एवं गौवंश संरक्षकों की एक दिवसीय समन्वय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में बरसात के दौरान सड़कों पर घूमने वाले मवेशियों से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक का उद्देश्य पुलिस, पशु चिकित्सा विभाग और गौवंश संरक्षण से जुड़े स्वयंसेवकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, संपर्क नंबरों का आदान-प्रदान करना तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना रहा।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने कहा कि बारिश के मौसम में बड़ी संख्या में मवेशी सड़कों पर बैठे या विचरण करते हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में पुलिस, पशु चिकित्सा विभाग और गौवंश संरक्षकों की संयुक्त जिम्मेदारी है कि समय रहते आवश्यक कदम उठाकर दुर्घटनाओं की रोकथाम की जाए और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
बैठक में यह भी तय किया गया कि सड़कों पर बैठे या घूमते पशुओं की सूचना मिलते ही संबंधित टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करेगी। वहीं किसी पशु के घायल होने की सूचना मिलने पर संबंधित पशु चिकित्सक बिना विलंब घटनास्थल पर पहुंचकर प्राथमिक उपचार एवं आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराएंगे।
कार्यशाला में भविष्य में भी पुलिस, पशु चिकित्सा विभाग एवं गौवंश संरक्षकों के बीच नियमित संवाद और समन्वय बनाए रखने पर सहमति बनी। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों और स्वयंसेवकों के मोबाइल नंबर साझा कर एक प्रभावी संपर्क तंत्र विकसित करने का निर्णय लिया गया, ताकि किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
इस अवसर पर उप संचालक पशु चिकित्सा ए.एल. सिंह, डॉ. ओग्रे, जिले के विभिन्न ब्लॉकों के पशु चिकित्सक तथा बड़ी संख्या में गौवंश संरक्षक उपस्थित रहे।
०



