किश्तवाड़ 06 Jully (Rns): जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच 540 मेगावाट के क्वार पावर प्रोजेक्ट के नजदीक बड़ा भूस्खलन (लैंडस्लाइड) हुआ। पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा गिरने के कारण वहां खड़ी कई गाड़ियां उसकी चपेट में आ गईं और मलबे के नीचे दब गईं।
भूस्खलन के चलते कई वाहनों को गंभीर नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद प्रशासन और संबंधित एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। मलबा हटाने के लिए मशीनें लगाई गई हैं और दबे हुए वाहनों को सुरक्षित निकालने का प्रयास जारी है।
प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर प्रशासन ने किश्तवाड़ और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और तीर्थयात्रियों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
प्रशासन ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने, संवेदनशील इलाकों में जाने से परहेज करने और जारी सुरक्षा एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी है। अधिकारियों ने कहा कि खराब मौसम के दौरान प्रशासन के निर्देशों का पालन करना सभी की सुरक्षा के लिए जरूरी है।

