खंडवा / ओंकारेश्वर 06 Jully (rns) : भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की ज्योतिर्लिंग ममलेश्वर के दर पर लगाई गई अर्जी ने अब मध्य प्रदेश के सियासी गलियारे में एक नया तूफान खड़ा कर दिया है। मुख्य चुनाव आयुक्त ने बाबा भोलेनाथ से देश में एक मजबूत और पारदर्शी लोकतंत्र के बने रहने की दुआ मांगी थी, लेकिन उनकी इस प्रार्थना पर कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने तीखा तंज कस दिया है। दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए चुनाव आयुक्त की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए उन्हें ‘सद्बुद्धि’ दिए जाने की मांग की है।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त की कामना पर दिग्विजय सिंह का वार
दिग्विजय सिंह ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कथनी और करनी के अंतर को उजागर करते हुए उन पर सीधा हमला बोला। कांग्रेस नेता ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा कि ओंकारेश्वर के शंकर भोले बाबा भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त को सद्बुद्धि प्रदान करें, ताकि उनके दावों और उनके कार्यों में कोई अंतर न रहे। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि देश में मजबूत लोकतंत्र की नींव सिर्फ और सिर्फ निष्पक्ष चुनावों पर टिकी होती है, लेकिन मुख्य चुनाव आयुक्त का अब तक का रिकॉर्ड एकतरफा और भाजपा के पक्ष में झुका हुआ दिखाई दिया है।

