रायपुर,06 जुलाई (आरएनएस)। जवाहर लाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय में 200 सीटर छात्रावास के भूमिपूजन को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छात्रावास भवन की स्वीकृति वर्ष 2021 में दिए जाने का दावा करते हुए सरकार पर श्रेय लेने की राजनीति करने का आरोप लगाया। वहीं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पलटवार करते हुए कहा कि श्रेय लेने की राजनीति करना कांग्रेस की पुरानी आदत है।
दरअसल, 6 जुलाई को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर मेडिकल कॉलेज में 200 सीटर छात्रावास भवन का भूमिपूजन किया था। इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि इस भवन को वर्ष 2021 में ही स्वीकृति मिल चुकी थी, ऐसे में अब दोबारा शिलान्यास करना केवल राजनीतिक श्रेय लेने का प्रयास है। उन्होंने मुख्यमंत्री को सलाह देते हुए कहा कि ऐसे प्रपंचों से बचें और अधिकारियों द्वारा गुमराह होने से भी सावधान रहें।भूपेश बघेल के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि श्रेय लेने की राजनीति करना कांग्रेस का काम है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज छात्रावास का कार्य पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में स्वीकृत हुआ था, लेकिन कांग्रेस सरकार अपने पांच वर्षों के कार्यकाल में इसका निर्माण पूरा नहीं करा सकी।मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार अधूरे विकास कार्यों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है।मेडिकल कॉलेज छात्रावास के भूमिपूजन को लेकर अब कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। दोनों दल इस परियोजना का श्रेय लेने को लेकर आमने-सामने हैं।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

