रायपुर, 06 जुलाई (आरएनएस)। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों और विधि के साथ संघर्षरत एक किशोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की गई पांच दोपहिया वाहन बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, अभनपुर थाना क्षेत्र के शनिचरी बाजार से 14 मार्च 2026 को एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देश पर थाना अभनपुर पुलिस और एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिरों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज की।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी आकाश लहरे (20) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने साथी संदीप कुमार सिंह (18) और विधि के साथ संघर्षरत एक किशोर के साथ मिलकर वाहन चोरी की वारदातों
को अंजाम देने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने दोनों को भी पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अभनपुर क्षेत्र से चार और राखी थाना क्षेत्र से एक सहित कुल पांच दोपहिया वाहन चोरी करना कबूल किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने पांचों वाहन बरामद कर लिए।
बरामद वाहनों में तीन एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल, एक एक्टिवा स्कूटर और एक लियो मोटरसाइकिल शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अभनपुर और राखी थाने में दर्ज मामलों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

