नईदिल्ली,06 जुलाई(आरएनएस)। ईरान ने दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई के अंतिम संस्कार समारोह में शामिल होने के लिए भारत सरकार, उसके प्रतिनिधिमंडल, राजनीतिक हस्तियों और नागरिकों के प्रति आभार जताया है। ईरानी दूतावास ने कुछ तस्वीरें साझा करते हुए इसे ईरान के लोगों के प्रति आपसी सम्मान और सच्ची एकजुटता का एक सशक्त उदाहरण बताया। दूतावास ने लिखा कि ईरान के लोग दोस्ती, सहानुभूति और दिल से दिए गए सम्मान के इस भाव को कभी नहीं भूलेंगे।
ईरानी दूतावास ने एक्स पर लिखा, भारत में ईरान का दूतावास, भारत की मित्र सरकार और जनता का ईरान के शहीद नेता, अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई को श्रद्धांजलि देने वाले आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल का दिल से आभार और धन्यवाद व्यक्त करता है। इन गंभीर समारोहों में राजनीतिक नेताओं, सांसदों, जाने-माने विद्वानों, बुद्धिजीवियों और भारत के विभिन्न धर्मों और धार्मिक समुदायों के नेताओं की सम्मानित उपस्थिति हमारे दोनों देशों के बीच गहरे ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और मानवीय संबंधों को दर्शाती है।
दूतावास ने आगे लिखा, ईरान के लोग दोस्ती, सहानुभूति और दिल से दिए गए सम्मान के इस भाव को कभी नहीं भूलेंगे। वे इसे ईरान और भारतके बीच स्थायी संबंधों का एक अनमोल प्रमाण और हमारे दोनों देशों के बीच लंबे समय से चली आ रही दोस्ती को और मजबूत करने के लिए एक मूल्यवान आधार मानते हैं। बता दें कि ईरान में 4 जुलाई से 9 जुलाई तक खामेनेई का अंतिम संस्कार समारोह मनाया जा रहा है।
अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में भारत की ओर से आधिकारिक तौर पर विदेश मामलों की राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा और बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन को भेजा गया था। इस प्रतिनिधिमंडल शोक समारोह में भारत सरकार का प्रतिनिधित्व किया था। कांग्रेस के विदेश विभाग के अध्यक्ष और पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद और जम्मू-कश्मीर पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती भी अंतिम संस्कार समारोह में शामिल हुईं थीं।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

