महासमुंद, 06 जुलाईं (आरएनएस)। महासमुंद जिले के तुमगांव थाना क्षेत्र स्थित गोपालपुरा एनीकट में मछली पकडऩे के दौरान एक 21 वर्षीय युवक तेज पानी के बहाव में बह गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और नगर सेना की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची, लेकिन नदी में तेज बहाव के कारण तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू नहीं किया जा सका।
जानकारी के अनुसार, रामेश्वर निषाद (21 वर्ष), पिता दसरू निषाद, निवासी गोपालपुर, सोमवार दोपहर करीब 2 बजे गोपालपुरा एनीकट में मछली पकड़ रहा था। इसी दौरान वह अचानक तेज पानी की धारा की चपेट में आ गया और बहने लगा।
मौके पर मौजूद तिरथ निषाद ने लकड़ी के सहारे उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि वह सफल नहीं हो सका।
घटना की सूचना मिलते ही तुमगांव थाना पुलिस और नगर सेना की रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर पहुंची। हालांकि नदी में पानी का दबाव और बहाव अत्यधिक होने के कारण सुरक्षा कारणों से रेस्क्यू दल तत्काल नदी में नहीं उतर सका। युवक की तलाश के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।
परिजनों ने बताया कि रामेश्वर निषाद की शादी इसी वर्ष फरवरी में हुई थी। वह चार बहनों और तीन भाइयों वाले परिवार में छठे नंबर पर था। घटना के बाद परिवार में शोक और चिंता का माहौल है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

