बलरामपुर, 06 जुलाईं (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में जंगली मशरूम (पुटु/खुखड़ी) खाने से दो बच्चों सहित नौ लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए। सभी की तबीयत बिगडऩे पर उन्हें पहले वाड्राफनगर सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, सभी ने जंगली मशरूम का सेवन किया था। इसके कुछ समय बाद उनकी तबीयत बिगडऩे लगी। घटना के बाद परिजन सभी को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे।
प्रारंभिक जानकारी में दो लोगों की हालत गंभीर बताई गई थी, हालांकि बीएमओ डॉ. हेमंत दीक्षित ने बताया कि वर्तमान में सभी मरीजों की स्थिति सामान्य है और उनका इलाज जारी है।
डॉ. दीक्षित ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में जंगलों में मिलने वाले जंगली पुटु (खुखड़ी/मशरूम) का सेवन करने से बचें, क्योंकि इनमें कई प्रजातियां जहरीली होती हैं और इनके सेवन से फूड पॉइजनिंग या जानलेवा स्थिति पैदा हो सकती है।
स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों से सतर्क रहने और किसी भी प्रकार की संदिग्ध जंगली मशरूम का सेवन नहीं करने की सलाह दी है।
०



