रायपुर, 06 जुलाईं (आरएनएस)। रायपुर के ग्राम नकटी में हुई बुलडोजर कार्रवाई को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राज्यपाल से मिलने का समय मांगा है। प्रदेश कांग्रेस की ओर से राज्यपाल के एडीसी को पत्र भेजकर 10 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात के लिए समय आरक्षित करने का अनुरोध किया गया है।
प्रदेश कांग्रेस के संगठन एवं प्रशासन प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैंदू द्वारा जारी पत्र के अनुसार, कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का 15 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मुलाकात कर रायपुर के ग्राम नकटी में वर्षाकाल के दौरान 85 परिवारों के घरों पर हुई बुलडोजर कार्रवाई का मुद्दा उठाएगा। कांग्रेस का कहना है कि इस कार्रवाई से प्रभावित ग्रामीणों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
पत्र में राज्यपाल से अनुरोध किया गया है कि प्रतिनिधिमंडल को सुविधानुसार 10 जुलाई को मुलाकात का समय उपलब्ध कराया जाए, ताकि प्रभावित परिवारों के पक्ष में अपनी बात रखी जा सके। कांग्रेस ने इस मामले को गंभीर बताते हुए राज्यपाल से हस्तक्षेप की अपेक्षा जताई है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

