आलिया भट्ट और शरवरी वाघ की फिल्म अल्फा ने वीकेंड की अग्निपरीक्षा को सफलतापूर्वक पार कर लिया है। यह जासूसी एक्शन थ्रिलर फिल्म 3 जुलाई को सिनेमाघरों में उतरी थी। समीक्षकों और दर्शकों से निराशाजनक प्रतिक्रया मिलने के बावजूद इसने वीकेंड पर लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर ही लिया। बॉक्स ऑफिस पर पहले से मौजूद अक्षय कुमार की फिल्म वेलकम टू द जंगल ने दूसरे वीकेंड पर धाकड़ कमाई की। आइए जानते हैं दोनों फिल्मों की कलेक्शन रिपोर्ट।
सैकनिल्क के मुताबिक, अल्फा ने रिलीज के तीसरे दिन 13.25 करोड़ रुपये कमाए हैं। यह फिल्म की कमाई का सबसे बड़ा आंकड़ा है, क्योंकि इसने दूसरे दिन 11.50 करोड़ और पहले दिन 9.25 करोड़ रुपये कमाए थे। इसके बाद फिल्म का कुल कलेक्शन 34 करोड़ रुपये हो गया है। विदेशों में, इसने तीसरे दिन 5 करोड़ कमाए, जिससे कुल विदेशी कमाई 18 करोड़ रुपये हो गई है। इस तरह, अल्फा का वैश्विक कुल कलेक्शन 58.80 करोड़ रुपये हो गया है।
अक्षय, सुनील शेट्टी, दिशा पाटनी और राजपाल यादव जैसे तमाम सितारों से सजी वेलकम टू द जंगल ने दर्शकों का दिल जीतते हुए दूसरे सप्ताह में प्रवेश कर लिया है। सैकनिल्क के मुताबिक, इसने 10वें दिन रविवार को 9.75 करोड़ रुपये का शानदार कारोबार कर दिखाया है। फिल्म घरेलू स्तर पर 114.90 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है, जबकि वर्ल्डवाइड कमाई 166.75 करोड़ हुई है। हालांकि, दोनों फिल्मों की असली अग्निपरीक्षा कारोबारी दिनों से शुरू हो गई है।
शाहिद कपूर, रश्मिका मंदाना और कृति सेनन अभिनीत कॉकटेल 2 बॉक्स ऑफिस पर लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है। निर्देशक होमी अदजानिया की इस फिल्म ने रिलीज के 17वें दिन यानी तीसरे रविवार को 1.25 करोड़ रुपये का नेट कारोबार किया।
इसके साथ ही फिल्म की भारत में कुल नेट कमाई 92.55 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। अब सभी की निगाहें इस बात पर हैं कि फिल्म आने वाले दिनों में 100 करोड़ रुपये के प्रतिष्ठित क्लब में शामिल हो पाती है या नहीं।
वहीं सामंथा रुथ प्रभु स्टारर दक्षिण भारतीय फिल्म मा इंति बंगारम भी बॉक्स ऑफिस पर लगातार संतोषजनक प्रदर्शन कर रही है। बी.वी. नंदिनी रेड्डी के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने रिलीज के 17वें दिन यानी तीसरे रविवार को 1.81 करोड़ रुपये की कमाई की।
इसके साथ फिल्म का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 57.91 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। फिल्म को दक्षिण भारत के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में भी दर्शकों का अच्छा समर्थन मिल रहा है और इसकी कमाई स्थिर बनी हुई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

