वाराणसी,07 जुलाई(आरएनएस)। उत्तर प्रदेश का वाराणसी जिला अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र होने के कारण चर्चा में रहता है। अब सोशल मीडिया पर वाराणसी रेलवे स्टेशन का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें प्लेटफॉर्म की छत से जोरदार पानी बहता दिख रहा है। बताया जा रहा है कि वाराणसी में हुई तेज बारिश के बाद छत से बहते पानी ने यात्रियों के लिए परेशानी खड़ी कर दी। अब सोशल मीडिया पर लोक रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर पर सवाल उठा रहे हैं।
वीडियो में रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 8 का शेल्टर दिख रहा है, जहां से पानी गिर रहा है। पानी से बचने के लिए लोग प्लेटफॉर्म पर सिर छिपाने की जगह ढूंढते दिख रहे हैं। जिस व्यक्ति ने यह वीडियो बनाया है वह बोल रहा है, पहली बरसात में ये हाल है। अब लोग कहां बैठे, हर जगह दरार ही दरार है। इसे दुरुस्त करो भाई, इसका उद्घाटन मोदी जी ने किया था। काहे बेइज्जती करा रहे हो। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन ने बयान जारी किया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, रेलवे ने कहा कि शेल्टर के ऊपर एक वैली गटर बना है, जिसकी नियमित सफाई होती है। पिछले दिनों 6 जुलाई को भारी बारिश के कारण प्लेटफार्म नंबर 8 पर डाउन पाइप और वैली गटर के जोड़ पर कचरा जम गया, जिससे पानी की निकासी रुक गई और रिसाव होने लगा। रेलवे ने समस्या के समाधान का दावा किया।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

