बलौदाबाजार-भाटापारा, 07 जुलाईं (आरएनएस)। सुहेला थाना पुलिस ने मल्दी माइंस क्रेशर खदान से लोहे के रोलर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 86 लोहे के रोलर और वारदात में इस्तेमाल की गई टाटा पिकअप (सीजी-12 बीजे-5619) जब्त कर ली है। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, एमएसएफ एजेंसी अंबुजा सीमेंट खदान के कर्मचारी प्रेमलाल सरदार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 30 जून की रात करीब 3 से 4 बजे के बीच मल्दी माइंस क्रेशर क्षेत्र से अज्ञात चोर 86 लोहे के रोलर टाटा पिकअप में लोड कर चोरी कर ले जा रहे थे। पीछा किए जाने पर घबराहट में आरोपियों की पिकअप पलट गई, जिसके बाद वे वाहन और चोरी का सामान मौके पर छोड़कर फरार हो गए। इस मामले में थाना सुहेला में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी गुपेश साहू से पूछताछ में खुलासा हुआ कि उसने वाहन लेकर अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में सुहेला पुलिस ने मुखबिरों की सूचना पर कार्रवाई करते हुए तुलसी यादव, सोहन ध्रुव और मनीष ध्रुव को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया।
पूछताछ में तीनों आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस ने चोरी के सभी 86 लोहे के रोलर और घटना में प्रयुक्त टाटा पिकअप जब्त कर ली है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई है, जबकि गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
तुलसी यादव (20 वर्ष), निवासी मल्दी, थाना सुहेला।
सोहन ध्रुव (21 वर्ष), निवासी मल्दी, थाना सुहेला।
मनीष ध्रुव (22 वर्ष), निवासी मल्दी, थाना सुहेला, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा।
पुलिस ने बताया कि जिले में चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में संलिप्त आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
०



