रायपुर, 14 जुलाई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को कांग्रेस सहित विपक्षी दलों ने राज्य सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया। प्रस्ताव पेश किए जाने के बाद विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने इसकी चर्चा की तारीख तय कर दी।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि मानसून सत्र के अंतिम दिन 17 जुलाई को अविश्वास प्रस्ताव पर सदन में विस्तृत चर्चा कराई जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उस दिन सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों को अपने-अपने पक्ष रखने का अवसर मिलेगा, जिसके बाद सदन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
गौरतलब है कि मानसून सत्र के दूसरे दिन खाद-बीज की उपलब्धता और औद्योगिक दुर्घटनाओं जैसे मुद्दों पर भी सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। इसी बीच विपक्ष ने सरकार को घेरने के लिए अविश्वास प्रस्ताव भी पेश कर दिया, जिस पर अब सत्र के अंतिम दिन चर्चा होगी।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

