दुर्ग, 07 जुलाईं (आरएनएस)। सुपेला थाना पुलिस ने अपहरण कर लूटपाट की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों और चार अपचारी बालकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने युवक का अपहरण कर मारपीट की, नकदी, मोबाइल, स्कूटी, चांदी के आभूषण और अन्य सामान लूटने के साथ ही डिजिटल भुगतान के जरिए जबरन रकम भी ट्रांसफर कराई थी। मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, बालोद जिले के डौंडी निवासी एक युवक अपने रिश्तेदार के साथ 2 जुलाई की रात दुर्ग-भिलाई घूमने आया था। 3 जुलाई की सुबह करीब 4:30 बजे गदा चौक स्थित पुरानी शराब भ_ी के पास उसकी स्कूटी खराब हो गई। मदद मांगने पर कुछ युवकों ने स्कूटी चोरी की होने का संदेह जताते हुए अपने साथियों को बुला लिया और दोनों का जबरन अपहरण कर अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर मारपीट की।
आरोपियों ने पीडि़त से चांदी की अंगूठियां, चांदी का ब्रेसलेट, स्कूटी, दो मोबाइल फोन, नकदी, पर्स, जरूरी दस्तावेज और इलेक्ट्रिकल कार्य का सामान लूट लिया। इसके बाद धमकी देकर डिजिटल भुगतान माध्यम से 18,180 रुपये भी ट्रांसफर करा लिए। पुलिस के अनुसार वारदात में कुल 87,180 रुपये की लूट हुई। आरोपियों ने पुलगांव क्षेत्र में धारदार हथियार दिखाकर पीडि़त का वीडियो भी बनवाया और शिकायत नहीं करने की धमकी दी।
मामला दर्ज होने के बाद सुपेला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीडि़त से पहचान कराकर सोहेल खान (19 वर्ष) और पंकज विश्वकर्मा (18 वर्ष) सहित चार अपचारी बालकों को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने लूटा गया सामान भी बरामद कर लिया है, जबकि मामले के दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने स्कूटी खरीदने के बहाने पीडि़त को झांसे में लेकर अपहरण और लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया था।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक घटना की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना या डायल-112 पर दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

