नई दिल्ली,07 जुलाई(आरएनएस)। दिल्ली को प्रदूषण मुक्त और हरा-भरा बनाने की दिशा में मंगलवार को एक अहम शुरुआत हुई. दिल्ली के सेंट्रल रिज और नानकपुरा स्थित रिज क्षेत्र में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने संयुक्त रूप से वृक्षारोपण कर रिज फॉरेस्ट रेस्टोरेशन प्रोग्राम का विधिवत शुभारंभ किया. इस अवसर पर केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव और दिल्ली सरकार के अन्य कैबिनेट मंत्री भी विशेष रूप से उपस्थित रहे.
इस मेगा वृक्षारोपण अभियान का मुख्य लक्ष्य दिल्ली में 70 लाख नए पौधे लगाना है. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि दिल्ली की पारिस्थितिकी तंत्र को पुनर्जीवित करने के लिए यह अभियान एक मील का पत्थर साबित होगा. उन्होंने बल देकर कहा कि पर्यावरण संरक्षण अब केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि जनभागीदारी का एक व्यापक आंदोलन बन चुका है. गृह मंत्री ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे न केवल पौधे लगाएं, बल्कि उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी उठाएं.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हाल ही में लॉन्च किए गए ग्रीन ड्राइव पोर्टल का उल्लेख करते हुए बताया कि राजधानी को स्वच्छ और हरा-भरा बनाने के लिए तकनीक का सहारा लिया जा रहा है. उन्होंने कहा, हमारा लक्ष्य सिर्फ 70 लाख पौधे लगाना नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण रक्षक के रूप में जोडऩा है. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि दिल्ली सरकार के वृक्ष रथ के माध्यम से अब आम जनता, आरडब्ल्यूए और शिक्षण संस्थानों को घर बैठे नि:शुल्क पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं. कुल बजट का 22 फीसद हिस्सा ग्रीन बजट पर खर्च करने का फैसला लिया है. मुख्यमंत्री ने गृहमंत्री द्वारा ऑक्सीजन पार्क की परिकल्पना को साकार करने की जानकारी दी.
वहीं केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने बताया कि रिज का संरक्षण दिल्ली के भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है. इस कार्यक्रम के तहत त्रि-स्तरीय वन संरचना विकसित की जा रही है, जिससे दिल्ली की जैव-विविधता और कार्बन सोखने की क्षमता में वृद्धि होगी. कार्यक्रम में पीपल, बरगद, नीम, अर्जुन और जामुन जैसे देशी और दीर्घकालिक वृक्षों को प्राथमिकता दी जा रही है. साथ ही, दिल्ली के विभिन्न कोनों में 100 ऑक्सीजन पार्क विकसित करने की योजना पर भी तेजी से काम चल रहा है.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

