रायपुर, 08 जुलाई (रायपुर)। छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे के दौरान मानसून पूरी तरह सक्रिय रहा। मध्य छत्तीसगढ़ के अधिकांश इलाकों में अच्छी बारिश हुई। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार 8 जुलाई से प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियों और तीव्रता में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है। राजधानी रायपुर में दो दिनों के बाद सुबह सूरज नजर आया है। यहां भी तापमान बढऩे के आसार हैं।
आज से बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में आज कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। तो वहीं राजधानी रायपुर में आज तापमान बढऩे का आसार है। इसके अलावा प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात होने की भी संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे लगे क्षेत्रों में बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। इसके कमजोर पडऩे की संभावना भी जताई गई है। इसके साथ ही ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण लगभग 9.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है।
वर्षा थमते ही खेतों में बढ़ी किसानों की रौनक
लगातार दो दिन हुई अच्छी वर्षा के बाद किसानों ने खेतों का रुख कर लिया है। धान की रोपाई, खेतों की जुताई और अन्य कृषि कार्यों ने गति पकड़ ली है। पर्याप्त नमी मिलने से खेती की तैयारियां तेज हो गई हैं। लंबे इंतजार के बाद हुई अच्छी वर्षा से किसानों को इस बार बेहतर उत्पादन की उम्मीद बंधी है।
एसएस
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

