0 छाल पुलिस ने 22 लाख की संपत्ति की जब्ती, बिना वैध दस्तावेज कबाड़ ले जा रहे चालक पर मामला दर्ज रायगढ़, 08 जुलाई (आरएनएस)। रायगढ़ पुलिस के ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छाल थाना पुलिस ने 8.5 टन संदिग्ध लोहे का कबाड़ और परिवहन में प्रयुक्त 6 चक्का महिंद्रा वाहन जब्त किया है।
जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने बिना वैध दस्तावेज कबाड़ का परिवहन करने वाले आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कबाड़ के स्रोत और वास्तविक स्वामित्व की जांच शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में छाल थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हाटी क्षेत्र से एक 6 चक्का ट्रक में बड़ी मात्रा में लोहे का स्क्रैप भरकर घरघोड़ा की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान के नेतृत्व में बैरियर पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की गई।जांच के दौरान वाहन क्रमांक ष्टत्र-12 क्चष्ठ-1623 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में तिरपाल के नीचे लोहे का स्क्रैप, एंगल, टीना तथा अन्य कबाड़ सामग्री लोड मिली। चालक से परिवहन संबंधी दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान, प्रधान आरक्षक शंभू प्रसाद पाण्डेय, आरक्षक राजेश राठौर, सतीश जगत, भगवती प्रसाद लक्ष्मे सहित थाना छाल के पुलिस कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध कबाड़ कारोबार चोरी और औद्योगिक संपत्तियों से जुड़े अपराधों को बढ़ावा देता है। ऑपरेशन प्रहार के तहत ऐसे नेटवर्क के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और बिना वैध दस्तावेज कबाड़ का परिवहन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 0

