0-107 गिरफ्तारी और 167 स्थायी वारंट तामील, फरार वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में किया गया पेश दुर्ग, 08 जुलाई (आरएनएस)। जिले में फरार वारंटियों के विरुद्ध दुर्ग पुलिस का विशेष अभियान लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देशन में 05 से 07 जुलाई 2026 तक जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 274 लंबित वारंटों का सफल निष्पादन किया। इनमें 107 गिरफ्तारी वारंट और 167 स्थायी वारंट शामिल हैं।

गिरफ्तार वारंटियों को विधिसम्मत कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों के पर्यवेक्षण में संचालित इस अभियान के तहत सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लंबित वारंटों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। अभियान के दौरान अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर वारंटियों के संभावित ठिकानों, निवास स्थानों, रिश्तेदारों के घरों एवं अन्य संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी गई। मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए तकनीकी सहायता और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर फरार वारंटियों का पता लगाकर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई।
तीन दिवसीय अभियान में पुलिस ने 107 गिरफ्तारी वारंट तथा 167 स्थायी वारंट तामील करते हुए कुल 274 वारंटों का सफल निष्पादन किया। पुलिस का कहना है कि यह अभियान न्यायालयीन आदेशों के प्रभावी क्रियान्वयन, लंबित वारंटों के शीघ्र निराकरण तथा जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हुआ है। दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार वारंटियों के विरुद्ध ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। अभियान में जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों, विवेचकों, वारंट सेल, पुलिस नियंत्रण कक्ष तथा समस्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने समन्वित एवं प्रभावी भूमिका निभाई। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि न्यायालयीन आदेशों का सम्मान करें तथा यदि किसी वारंटी के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल निकटतम थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष को सूचित करें। पुलिस ने कहा है कि फरार वारंटियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और कानून से बचने का हर प्रयास विफल किया जाएगा। 0

