बलौदाबाजार, 08 जुलाई (आरएनएस)। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिटी कोतवाली थाना एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अर्टिका कार से 130 पाव अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयुक्त कार समेत 3.13 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में अवैध शराब के क्रय-विक्रय एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 7 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की अर्टिका कार (क्रमांक ष्ठरु 1 ष्ट ्रश्व 6066) में भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर ग्राम खैंदा की ओर जाया जा रहा है।
सूचना के आधार पर थाना सिटी कोतवाली एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कृषि उपज मंडी खोरसीनाला के सामने खैंदा मेन रोड पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। पूछताछ के दौरान चालक ने अपना नाम धनकुमार टंडन (58 वर्ष), निवासी खैंदा (ड), थाना सिटी कोतवाली बताया। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पुलिस ने वाहन की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार की बीच वाली सीट से एक थैले में 40 पाव गोवा शराब तथा डिक्की से 90 पाव रोमियो देशी मसाला शराब बरामद हुई। इस प्रकार वाहन से कुल 130 पाव अवैध शराब (23.400 बल्क लीटर) बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 13,800 रुपये है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त अर्टिका कार, जिसकी कीमत करीब 3 लाख रुपये है, उसे भी जब्त कर लिया।
आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 570/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब और अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करने तथा तस्करी में प्रयुक्त वाहनों को राजसात करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
0

