धमतरी, 08 जुलाई (आरएनएस)। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुरूद पुलिस ने दो तस्करों को 1.1 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हेरोइन के अलावा एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत 36 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिले को नशामुक्त एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से मादक पदार्थों, अवैध शराब और अन्य अवैध कारोबारों के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना कुरूद पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम छाती स्थित एनएच-30 हाईस्कूल के पास दो युवक हेरोइन बेचने के उद्देश्य से आने वाले हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ा। वैधानिक प्रक्रिया के तहत तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 1.1 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 6 हजार रुपये है। इसके अलावा दो मोबाइल फोन (कीमत 10 हजार रुपये) और एक मोटरसाइकिल (कीमत 20 हजार रुपये) भी जब्त की गई। कुल जब्त मशरूका की कीमत 36 हजार रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वाहिद खान (27 वर्ष), निवासी संजय नगर, कुरूद तथा केशवराम ध्रुव (26 वर्ष), निवासी संजय नगर, कुरूद के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना कुरूद में अपराध क्रमांक 205/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ए) एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया। बाद में दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, नशे के अवैध कारोबार और अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

