रायगढ़, 08 जुलाई (आरएनएस)। सामुदायिक पुलिसिंग और जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस ने थाना घरघोड़ा में स्कूली विद्यार्थियों के लिए विशेष शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया। इस दौरान जन मित्रम एस.पी. सिंह मेमोरियल स्कूल, बैहामुड़ा के छात्र-छात्राओं को पुलिस की कार्यप्रणाली, नए आपराधिक कानून, साइबर सुरक्षा, गुड टच-बैड टच और नागरिकों के कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए शिकायत दर्ज होने से लेकर एफआईआर, विवेचना, साक्ष्य संकलन, आरोपी की गिरफ्तारी और न्यायालयीन प्रक्रिया तक की पूरी कार्यप्रणाली को सरल भाषा में समझाया। उन्होंने बताया कि नए आपराधिक कानून लागू होने के बाद पुलिस व्यवस्था अधिक आधुनिक, पारदर्शी और तकनीक आधारित हो गई है, जिससे नागरिकों को त्वरित न्याय दिलाने में मदद मिल रही है।

विद्यार्थियों को सीसीटीएनएस (Crime and Criminal Tracking Network & Systems) की कार्यप्रणाली, थाना प्रभारी एवं थाना मुंशी की जिम्मेदारियों सहित पुलिस थाने के विभिन्न कार्यों की जानकारी भी दी गई। भ्रमण के दौरान बच्चों ने पुलिस जांच, गिरफ्तारी, साइबर अपराध और कानून से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका थाना प्रभारी ने व्यवहारिक उदाहरणों के साथ उत्तर दिया।
कार्यक्रम में बच्चों को यह भी बताया गया कि किसी भी घटना की सही जानकारी पुलिस को देना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है तथा झूठी शिकायत करना कानूनन अपराध है। इसके साथ ही गुड टच-बैड टच के बारे में जागरूक करते हुए बच्चों से कहा गया कि यदि कोई अनुचित व्यवहार करे तो इसकी जानकारी तुरंत माता-पिता, शिक्षक या पुलिस को दें। उन्हें भरोसा दिलाया गया कि पुलिस हमेशा उनकी मित्र और सुरक्षा सहयोगी है।

बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए विद्यार्थियों को मोबाइल, सोशल मीडिया और ऑनलाइन गेमिंग के सुरक्षित उपयोग के बारे में भी जागरूक किया गया। पुलिस ने फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने, ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधियों के तरीकों से सावधान रहने की सलाह दी।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को पुलिस हेल्पलाइन, आपातकालीन सेवाओं, महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू, थाना घरघोड़ा का पुलिस स्टाफ, विद्यालय के शिक्षक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने संदेश दिया कि जागरूक और कानून की समझ रखने वाले बच्चे ही सुरक्षित एवं जिम्मेदार समाज की मजबूत नींव होते हैं।
0

