० मैनपुर थाना पुलिस ने डस्टर कार से की कार्रवाई, गांजा, वाहन और मोबाइल समेत करीब 55 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
गरियाबंद, 08 जुलाई (आरएनएस)। गरियाबंद पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 102.750 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ मध्य प्रदेश के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। मैनपुर थाना पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 51.37 लाख रुपये मूल्य का गांजा, एक डस्टर कार और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 54 लाख 99 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देश पर जिले में अवैध गांजा एवं शराब तस्करों के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 7 जुलाई 2026 को थाना प्रभारी मैनपुर को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की डस्टर कार में भारी मात्रा में अवैध गांजा लेकर तस्कर देवभोग रोड से मैनपुर की ओर आ रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने झरियाबहरा तिराहा के पास बैरिकेडिंग कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध डस्टर कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक पुलिस को देखकर तेज गति से वाहन भगाने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान आर्यन मालवीय (20 वर्ष) और अभिषेक महेस्कर (23 वर्ष) निवासी ईछावर, जिला सिहोर (मध्य प्रदेश) के रूप में बताई। गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 102.750 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 51 लाख 37 हजार 500 रुपये है।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डस्टर कार (क्रमांक सीजी-04-केडब्ल्यू-5689), जिसकी कीमत लगभग 3 लाख 50 हजार रुपये, तथा दो मोबाइल फोन, जिनकी कीमत 11 हजार 500 रुपये है, भी जब्त कर लिए। इस प्रकार कुल 54 लाख 99 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी।
इस पूरी कार्रवाई में थाना मैनपुर पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

