० युवा विंग का बदला नाम, नशा, बेरोजगारी और अन्याय के खिलाफ राज्यव्यापी अभियान की घोषणा; कांग्रेस में विलय पर भी रखा पक्ष
रायपुर, 08 जुलाई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस (जे) ने नए स्वरूप और नई रणनीति के साथ अपनी राजनीतिक पारी शुरू करने का ऐलान किया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष -अमित जोगी- ने रायपुर स्थित अपने निवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में जोगी कांग्रेस 2.0- लॉन्च करते हुए पार्टी का नया विजन और भविष्य की रणनीति प्रस्तुत की।
अमित जोगी ने कहा कि वर्तमान समय की राजनीति पारंपरिक सोच से आगे बढ़ चुकी है और अब नई तकनीक, नई सोच तथा युवा नेतृत्व के साथ आगे बढऩे की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पार्टी अब वंशवाद, जाति और धर्म की राजनीति से ऊपर उठकर जनता के जमीनी मुद्दों पर काम करेगी।
इस अवसर पर पार्टी के युवा संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए -अजीत जोगी युवा कांग्रेस- का नाम बदलकर -जनता युवा कांग्रेस- कर दिया गया। पार्टी संस्थापक -अजीत जोगी- के नाम को युवा विंग से हटाने का निर्णय लिया गया। जनता युवा कांग्रेस की कमान -ईश्वर उपाध्याय- को सौंपी गई है, जो अब युवा संगठन का नेतृत्व करेंगे।
अमित जोगी ने घोषणा की कि पार्टी प्रदेशभर में -नशा, बेरोजगारी और अन्याय- के खिलाफ व्यापक जन अभियान चलाएगी। उन्होंने कहा कि जनता युवा कांग्रेस –बेटी बचाओ– के साथ-साथ -बेटा बचाओ– अभियान भी शुरू करेगी। उनका कहना था कि प्रदेश के युवाओं को नशे, बेरोजगारी और अवसाद से बचाने की जरूरत है। उन्होंने दावा किया कि शराब सेवन और मादक पदार्थों के बढ़ते उपयोग को लेकर राज्य गंभीर चुनौती का सामना कर रहा है।
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए अमित जोगी ने कहा कि उनकी पार्टी कांग्रेस में विलय चाहती थी और इसके लिए लगभग एक वर्ष पहले कांग्रेस हाईकमान को पत्र भी भेजा गया था। हालांकि, अब तक कोई निर्णय नहीं होने के कारण पार्टी ने अपने संगठन को नए स्वरूप में आगे बढ़ाने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को वर्तमान समय में सहयोग की आवश्यकता है और उनकी पार्टी भाजपा के मुकाबले में कांग्रेस का सहारा बनना चाहती है।
उन्होंने यह भी कहा कि जोगी कांग्रेस पर भाजपा की -बी टीम- होने का जो आरोप लगता रहा, उससे पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचा और जनता के बीच नकारात्मक संदेश गया। अब पार्टी नई सोच और नई भूमिका के साथ आगे बढऩे के लिए तैयार है।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री -अजीत जोगी- के लेखों पर आधारित दो पुस्तकों –दृष्टिकोण– और –सदी के मोड़– का भी विमोचन किया गया। इस अवसर पर -डॉ. रेणु जोगी- ने बताया कि इन पुस्तकों में 90 के दशक के राजनीतिक घटनाक्रमों पर अजीत जोगी द्वारा लिखे गए लेखों का संकलन है, जो उस समय विभिन्न समाचार पत्रों में स्तंभ के रूप में प्रकाशित होते रहे थे।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

