राजनांदगांव,08 जुलाई (आरएनएस)। जिले में हाल ही में बने रेलवे ओवरब्रिज के पहली ही बारिश में क्षतिग्रस्त होने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सड़क धंसने और पुल पर लंबी दरारें आने के बाद सांसद संतोष पांडे ने इस मामले को गंभीर बताते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर उच्चस्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।जानकारी के अनुसार, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर जोन और नागपुर मंडल के अंतर्गत राजनांदगांव-डोंगरगढ़ रेलखंड पर ग्राम बरगा, आलीवारा और मुसरा के बीच गति शक्ति योजना के तहत करीब 26 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कराया गया था। इस पुल का लोकार्पण जून 2026 में हुआ था।हालांकि, जुलाई की पहली बारिश में ही ओवरब्रिज की सड़क धंस गई और उस पर बड़ी दरारें दिखाई देने लगीं। बताया जा रहा है कि पुल पर करीब 60 से 70 फीट लंबी और 15 से 20 सेंटीमीटर चौड़ी दरारें पड़ गई हैं, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।मामले की जानकारी मिलने पर रेलवे के डीआरएम ने स्थल का निरीक्षण किया, लेकिन अब तक मरम्मत या जिम्मेदारों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।सांसद संतोष पांडे ने रेल मंत्री को लिखे पत्र में कहा है कि बारिश का पानी
ओवरब्रिज की नींव तक पहुंचने से मिट्टी धंस गई, जिसके कारण पुल क्षतिग्रस्त हुआ। उन्होंने इसे निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी निर्माण एजेंसी तथा संबंधित अधिकारियों पर दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की है।सांसद ने संभावित दुर्घटना की आशंका को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के भी निर्देश दिए हैं। फिलहाल इस मामले में रेल प्रशासन की ओर से जांच और आगे की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।
००


