0 संदिग्धों पर पैनी नजर
अंबिकापुर, 09 जुलाई (आरएनएस)। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सरगुजा पुलिस ने विशेष सत्यापन एवं जांच अभियान चलाया। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में बाहरी राज्यों से आए लोगों, किरायेदारों, मुसाफिरों तथा विभिन्न व्यवसायों में कार्यरत व्यक्तियों का व्यापक सत्यापन किया गया।
पुलिस ने अभियान के दौरान किरायेदारों, पान ठेला और गुमटी संचालकों, होटल-ढाबा संचालकों, बस एवं ट्रक संचालकों के यहां कार्यरत चालक, परिचालक, क्लीनर तथा अन्य कर्मचारियों से पूछताछ की। साथ ही उनके पहचान पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेजों का मौके पर सत्यापन किया गया।

जांच के दौरान पुलिस टीमों ने जिलेभर में करीब 125 मकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर लगभग 450 लोगों के पहचान पत्रों का सत्यापन किया। मकान मालिकों और संस्थान संचालकों को निर्देश दिए गए कि वे किरायेदारों एवं कर्मचारियों की जानकारी संबंधित थाने में अनिवार्य रूप से दर्ज कराएं तथा किसी भी बाहरी व्यक्ति को काम पर रखने से पहले उसकी जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराएं।
अभियान के तहत होटल और ढाबों में ठहरे लोगों का भी सत्यापन किया गया। पुलिस ने होटल संचालकों और मकान मालिकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि किसी किरायेदार या होटल में ठहरे व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हों तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।
डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन, मुसाफिरी दर्ज कराने तथा संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिले में ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे ताकि आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति, अप्रवासी या बिना जानकारी के रह रहा हो अथवा किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल सरगुजा पुलिस हेल्पलाइन 9479193599 या डायल-112 पर दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
0

