कवर्धा,9 जुलाइ(आरएनएस)। बोड़ला विकासखंड के दलदली मेन रोड से खारिया-अगरी तक प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत बनी सड़क के धंसने के मामले में राज्य स्तरीय जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में पाया गया कि सड़क के क्षतिग्रस्त होने का मुख्य कारण क्षमता से कई गुना अधिक भार वाले वाहनों का संचालन और शोल्डर निर्माण में तकनीकी खामियां थीं। मामले में लापरवाही बरतने पर सहायक अभियंता और उप अभियंता को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि कार्यपालन अभियंता के निलंबन के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा।उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव भीम सिंह ने गुरुवार को मौके पर पहुंचकर सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क की गुणवत्ता जांचने के लिए कोर कटिंग कराकर वैज्ञानिक परीक्षण कराया। जांच में सामने आया कि जिस सड़क पर केवल 10 से 12 टन क्षमता वाले वाहनों के संचालन की अनुमति है, वहां 60 से 70 टन तक रेत परिवहन करने वाले भारी वाहनों की आवाजाही हो रही थी। इसके साथ ही शोल्डर निर्माण में तकनीकी खामियां मिलने से सड़क कमजोर होकर धंस गई।निरीक्षण के बाद सचिव ने निर्माण एजेंसी के ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए। निर्माण कार्यों की निगरानी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने में लापरवाही पाए जाने पर सहायक अभियंता सौरभ देशमुख और उप अभियंता जे.
रितेश नायडू को तत्काल निलंबित करने के निर्देश जारी किए गए। वहीं कार्यपालन अभियंता संतोष कुमार ठाकुर के निलंबन के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए हैं।सचिव ने अधिकारियों को क्षतिग्रस्त सड़क के हिस्से को पूरी तरह उखाड़कर दोबारा बनाने तथा पूरे मार्ग के शोल्डर का गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने के निर्देश भी दिए।तकनीकी जांच में जीएसबी, डब्ल्यूबीएम और बिटुमिनस (बीटी) परतें निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पाई गईं। हालांकि शोल्डर का कॉम्पैक्शन निर्धारित 100 प्रतिशत के मुकाबले 95 प्रतिशत और 94.68 प्रतिशत दर्ज किया गया। इसके अलावा एक पुलिया के एप्रोच में बैकफिलिंग भी मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई, जिससे बारिश का पानी सड़क की निचली सतह तक पहुंच गया और अंदरूनी परत कमजोर हो गई।सचिव भीम सिंह ने कहा कि भविष्य में पीएम जनमन योजना की इस सड़क पर क्षमता से अधिक भार वाले वाहनों का संचालन प्रतिबंधित किया जाएगा। इसके लिए परिवहन, पुलिस और राजस्व विभाग संयुक्त रूप से कार्रवाई करेंगे, ताकि सड़क की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
००

