बलौदाबाजार,09 जुलाईं (आरएनएस)। भाटापारा ग्रामीण थाना पुलिस ने बाइक स्टंट का विरोध करने पर चाकू लहराकर जान से मारने की धमकी देने और मारपीट करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त धारदार चाकू भी जब्त किया है।पुलिस के अनुसार, ग्राम देवरी निवासी सीताराम निषाद (23) ने शिकायत दर्ज कराई कि 8 जुलाई की दोपहर वह अपने साथियों के साथ बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान गांव के दामाद पारा के पास देवेन्द्र उर्फ रिंकु वर्मा खतरनाक तरीके से बाइक स्टंट करते हुए सड़क पर वाहन लहरा रहा था। जब सीताराम ने उसे ऐसा करने से रोका, तो आरोपी भड़क गया। उसने गाली-गलौज करते हुए चाकू निकालकर जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट कर दी। हमले में सीताराम के हाथ, कमर, पीठ और गाल में चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।शिकायत के आधार पर भाटापारा ग्रामीण थाना पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी देवेन्द्र उर्फ रिंकु वर्मा (22 वर्ष) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू बरामद कर लिया।आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा ने कहा कि सड़क पर खतरनाक स्टंट कर लोगों की जान जोखिम में डालने और हथियार के बल पर गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

