0-8 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त
अंबिकापुर, 09 जुलाई (आरएनएस)। सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना पुलिस ने जुआ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए स्वस्तिक ढाबा में संचालित जुए के फड़ पर छापा मारकर 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 50,900 रुपये नकद, ताश की गड्डी, एक चारपहिया वाहन और चार दोपहिया वाहन सहित करीब 8 लाख रुपये से अधिक का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर जिलेभर में जुआ और सट्टे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 9 जुलाई को थाना गांधीनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चठीरमा स्थित स्वस्तिक ढाबा के बरामदे में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं।

सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 8 लोग ताश के पत्तों से हार-जीत का दांव लगाते हुए पकड़े गए। पुलिस ने फड़ और आरोपियों के कब्जे से 52 पत्तों की ताश, 50,900 रुपये नकद, एक चारपहिया वाहन और चार दोपहिया वाहन जब्त किए। जब्त संपत्ति का कुल अनुमानित मूल्य 8 लाख रुपये से अधिक बताया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में प्रेम सिंह, शंकर मिस्त्री, दीपक पकरिया, खगेश राम, कोमल सिंह, गोपाल भद, योगेंद्र प्रसाद और कार्तिक दास शामिल हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, उप निरीक्षक दिलीप दुबे, प्रशिक्षु उप निरीक्षक भारतीय मारकंडे, विवेक चंद्राकर, सहायक उप निरीक्षक अभिषेक दुबे, आरक्षक अमृत सिंह तथा सैनिक संतोष की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
0

