दुर्ग, 09 जुलाईं (आरएनएस)। सुपेला थाना पुलिस ने शेयर ट्रेडिंग में निवेश कर रकम दोगुनी करने का झांसा देकर निवेशकों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले ऐरिना कैपीटल के फरार संचालक योगेश साहू (35) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार था और उसके खिलाफ सुपेला व स्मृति नगर थाना क्षेत्र में पहले से कई धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, मैत्री विहार निवासी राजू नामदेव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ऐरिना कैपीटल के संचालक और उसके सहयोगियों ने शेयर ट्रेडिंग में निवेश पर अधिक मुनाफा और रकम दोगुनी करने का लालच देकर उनसे 15 लाख रुपये निवेश कराए। शुरुआत में भरोसा कायम रखने के लिए कुछ लाभांश दिया गया, लेकिन बाद में भुगतान बंद कर दिया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी और उसके साथियों ने इसी तरह कई अन्य निवेशकों को भी झांसे में लेकर करोड़ों रुपये की ठगी की है। विभिन्न शिकायतों के आधार पर आरोपी के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं।
थाना सुपेला में दर्ज अपराध क्रमांक 961/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(2), 318(4) और 61(2) के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने फरार आरोपी योगेश साहू को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में पुलिस की विवेचना अभी जारी है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संस्था या व्यक्ति के निवेश संबंधी प्रस्ताव पर पैसा लगाने से पहले उसकी वैधानिकता और पंजीयन की जांच अवश्य करें। राशि दोगुनी करने या कम समय में अत्यधिक मुनाफा देने जैसे प्रलोभनों से सतर्क रहें और किसी भी वित्तीय धोखाधड़ी की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

