बलौदाबाजार, 13 जुलाईं (आरएनएस)। युवाओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने एक प्रेरणादायी संदेश जारी किया है। पुलिस ने छात्रों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से कहा है कि वे अपने लक्ष्य को स्पष्ट करें, योजनाबद्ध तरीके से तैयारी करें और निरंतर मेहनत के साथ अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ें।
पुलिस ने अपने संदेश में कहा कि देश और समाज की प्रगति का आधार युवा शक्ति है। यदि युवा सही दिशा में एकाग्र होकर कठिन परिश्रम करें, तो वे न केवल अपने सपनों को पूरा कर सकते हैं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। चाहे लक्ष्य प्रशासनिक सेवा, सेना, तकनीकी क्षेत्र या समाज सेवा का हो, आज की मेहनत ही कल के सफल भविष्य की नींव रखती है। पुलिस ने युवाओं को सफलता के चार मूल मंत्र भी बताए। इनमें लक्ष्य के अनुरूप योजनाबद्ध तैयारी, अर्जुन की तरह लक्ष्य पर अटूट फोकस, निरंतर अभ्यास और सकारात्मक सोच को सफलता की कुंजी बताया गया। साथ ही कहा गया कि असफलता अंत नहीं, बल्कि आगे बढऩे का अवसर होती है। बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने अपने संदेश का समापन प्रेरक पंक्तियों के साथ किया— मंजिलें उन्हीं को मिलती हैं जिनके सपनों में जान होती है, पंखों से कुछ नहीं होता, हौसलों से उड़ान होती है। पुलिस ने युवाओं के सुरक्षित, सफल और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए भरोसा दिलाया कि वह हर कदम पर उनके साथ खड़ी है।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

