बिलासपुर, 13 जुलाईं (आरएनएस)। बिलासपुर के कोनी थाना पुलिस ने ट्रेलर वाहनों से डीजल चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 200 लीटर चोरी का डीजल, दो स्कॉर्पियो वाहन तथा चोरी में इस्तेमाल होने वाले पाइप और लोहे की छड़ बरामद की है। वहीं गिरोह के तीन अन्य सदस्य फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई को एक ट्रेलर मालिक ने थाना कोनी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके ट्रेलर में रायपुर से सिंगरौली (मध्यप्रदेश) जाने के लिए करीब 200 लीटर डीजल भरवाया गया था। रास्ते में नेशनल हाईवे स्थित गतौरी के बाबी ढाबा के पास चालक भोजन करने के लिए रुका। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने ट्रेलर की टंकी से करीब 150 लीटर डीजल चोरी कर लिया। मामला दर्ज होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर कोनी पुलिस ने जांच शुरू की। 12 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि दो स्कॉर्पियो वाहनों में सवार कुछ लोग गतौरी के पास चोरी का डीजल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही तीन आरोपी फरार हो गए, जबकि दो आरोपियों को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो से 200 लीटर चोरी का डीजल, डीजल निकालने में इस्तेमाल पाइप और लोहे की छड़ बरामद कर जब्त की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवप्रसाद उर्फ छोटू लोनिया (32) निवासी अनूपपुर (मध्यप्रदेश) और भानु प्रसाद लोनिया (37) निवासी बिलासपुर के रूप में हुई है। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि गिरोह के फरार तीन सदस्यों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

