दुर्ग, 09 जुलाई (आरएनएस)। वैशाली नगर थाना पुलिस ने दहेज प्रताडऩा के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों पर दहेज की मांग को लेकर महिला को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताडि़त करने, मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने तथा अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, पीडि़ता ने थाना वैशाली नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके पति, सास और देवर द्वारा लगातार दहेज की मांग की जा रही थी। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट की जाती थी और जान से मारने के साथ अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे प्रताडि़त किया जाता था।
शिकायत के आधार पर थाना वैशाली नगर में अपराध क्रमांक 149/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 85, 296, 119(1), 115(2), 351(3), 3(5) तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 4 के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सुषमा पाण्डेय (50 वर्ष) एवं अस्वनी पाण्डेय (23 वर्ष), निवासी शांतिनगर, दशहरा मैदान के पास, थाना वैशाली नगर, जिला दुर्ग को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मामला दहेज की मांग को लेकर उत्पन्न पारिवारिक विवाद से जुड़ा है। प्रकरण में गिरफ्तारी की वैधानिक कार्रवाई की गई है, जबकि कोई सामग्री जब्त नहीं की गई।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि दहेज प्रताडऩा, घरेलू हिंसा अथवा महिलाओं के विरुद्ध किसी भी प्रकार के अपराध की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना या डायल-112 पर दें। पुलिस ने कहा है कि महिलाओं के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
0

