( कुशीनगर) जुलाई। कुशीनगर में हल्की वर्षा के बीच बिजली गिरी तो मां की आंखों के सामने ही बेटे की जान चली गई। दोनों एक साथ खेत से सब्जी निकालने गए थे। घटना विशुनपुरा थाने के ठाढ़ीभार गांव में गुरुवार को हुई।
पुलिस के अनुसार कुशीनगर जिले के ठाढ़ीभार निवासी लालबाबू कुशवाहा रोजगार के सिलसिले में पांच वर्ष से सऊदी अरब में हैं। घर पर पत्नी कविता व 14 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार रहते हैं। गांव पर पत्नी सब्जी की खेती भी करती हैं। गुरुवार की दोपहर बाद लगभग तीन बजे वह अपने इकलौते पुत्र के साथ खेत से सब्जी निकाल कर बेचने के लिए गई थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह खेत से सब्जी तोड़ कर मेड पर बोरा लेकर खड़े पुत्र को दे रही थीं और वह उसमें रख रहा था। इस दौरान बिजली गिरी तो राहुल चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।
मां कविता अभी कुछ समझ पातीं कि मौके पर ही पुत्र की मौत हो गई। लेखपाल संग पुलिस पहुंची तो परिजन पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिए।
इस संबंध में विशुनपूरा थानाध्यक्ष शनि जावला ने बताया कि शव को परिजनों ने पोस्टमार्टम नहीं कराया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

