सूरजपुर, 09 जुलाई (आरएनएस)। प्रतापपुर से भाजपा विधायक शकुंतला पोर्ते का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह नशामुक्त समाज और शराबबंदी को लेकर अपनी स्पष्ट राय रखते हुए कहती नजर आ रही हैं कि मेरा बस चले तो पूरे विधानसभा क्षेत्र को शराब-मुक्त कर दूं।
एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक पोर्ते ने कहा कि किसी व्यक्ति पर शराब नहीं पीने का दबाव नहीं बनाया जा सकता, लेकिन समाज और परिवार के हित में लोगों को स्वयं आगे आकर नशे से दूरी बनानी चाहिए। उन्होंने लोगों से शराब और अन्य बुरी आदतों को छोड़कर सकारात्मक जीवन अपनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि यदि एक व्यक्ति भी गलत रास्ते पर जाने से बचता है, तो उसका सकारात्मक प्रभाव पूरे समाज पर पड़ता है। उनके अनुसार, नशामुक्त समाज ही मजबूत और विकसित समाज की नींव है, जिससे क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिल सकती है।
विधायक शकुंतला पोर्ते ने अपने विधानसभा क्षेत्र को नशामुक्त बनाने की इच्छा जताते हुए इस अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया। उनके इस बयान के सामने आने के बाद प्रदेश में एक बार फिर शराबबंदी को लेकर चर्चा तेज हो गई है। वहीं क्षेत्र के लोगों द्वारा विधायक के इस विचार की सराहना भी की जा रही है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

