कवर्धा, 09 जुलाई (आरएनएस)। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड में प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत निर्मित खारिया से अगरी सड़क की राज्य स्तरीय जांच में गंभीर तकनीकी खामियां सामने आई हैं। जांच के बाद पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव भीम सिंह ने निर्माण एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने तथा गुणवत्ता की निगरानी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
जांच के आधार पर सहायक अभियंता सौरभ देशमुख और उप अभियंता जे. रितेश नायडू को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं कार्यपालन अभियंता संतोष ठाकुर के निलंबन के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
सचिव भीम सिंह ने मौके पर पहुंचकर सड़क की कोर कटिंग सहित तकनीकी जांच कराई। जांच में सामने आया कि सड़क धंसने का प्रमुख कारण 60 से 70 टन क्षमता वाले ओवरलोड वाहनों का आवागमन और सड़क के दोनों किनारों (शोल्डर) के निर्माण में तकनीकी खामियां हैं। उन्होंने क्षतिग्रस्त हिस्से को उखाड़कर दोबारा गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने, शोल्डर को मानकों के अनुरूप तैयार करने और भविष्य में ओवरलोड वाहनों के आवागमन पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि बैगा आदिवासी बहुल क्षेत्रों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत बोड़ला विकासखंड के ग्राम मांदाभाटा से अगरी तक लगभग 3.50 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण करीब 2.50 करोड़ रुपये की लागत से कराया गया था। यह सड़क ग्रामीणों को बारिश के दौरान आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार तक पहुंचने में सुविधा देने के लिए बनाई गई थी, लेकिन निर्माण के महज चार महीने बाद पहली ही बारिश में सड़क का एक हिस्सा धंस गया।
सड़क में वाहन का पहिया धंसने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शासन ने मामले को गंभीरता से लिया। रायपुर से पहुंचे पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव भीम सिंह ने स्थल का निरीक्षण कर ठेकेदार को फटकार लगाते हुए कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से बनी सड़क का इतनी जल्दी क्षतिग्रस्त होना गंभीर लापरवाही का मामला है।
प्राथमिक जांच में सड़क की मुख्य परत को मानकों के अनुरूप पाया गया, लेकिन शोल्डर का निर्माण गुणवत्ताहीन मिला, जिससे बारिश के दौरान सड़क का हिस्सा धंस गया। अधिकारियों ने बताया कि सड़क की डिजाइन 12 टन भार क्षमता के अनुरूप है, जबकि इस पर 60 टन तक रेत से लदे हाईवा वाहनों का लगातार आवागमन हो रहा था। इसके बावजूद निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने के बाद अब दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

